देश की सीमा पर तैनात जवानों के लिए बहनों ने भेजा रक्षासूत्र

महासमुंद। देश की सीमा पर तैनात सैनिकों के साहस और त्याग के आगे हर शब्द छोटा है। सुरक्षा जवानों के कारण ही हम निश्चिंत होकर मुस्कुरा पाते हैं। ये राखी का धागा हमारी भावनाओं और आपके बलिदान का प्रतीक है। आप सदा सुरक्षित और विजयी रहें, यही हमारी दुआ है। उक्त संदेश है जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर का। जनपद पंचायत महासमुंद से देश की सीमा पर सुरक्षा के लिए तैनात सैनिकों के लिए राखी, धागे, मिट्टी और तिलक महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे को सौंपा गया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। उन्होनें कहा कि यह पहल केवल एक पर्व की भावना नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रेम और एकता का संदेश भी है।