पिथौरा की मेधावी छात्राओं को राज्यपाल से प्रोत्साहन, 10-10 हजार की राशि वितरित

महासमुंद। जिले के आकांक्षी ब्लॉक पिथौरा की मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्यपाल रमेन डेका द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में टॉप-3 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्वेच्छानुदान मद से प्रत्येक को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को चेक वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत करते हुए उच्च लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने इस सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महासमुंद का नाम रोशन किया है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा की कक्षा 10वीं की छात्रा रेणु पटेल ने 95.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की पायल साहू ने 96.20 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इसी क्रम में फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगतदेवरी की कक्षा 10वीं की छात्रा लिशा साहू ने 96.17 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं की छात्रा नंदनी नायक ने 88.40 प्रतिशत अंक अर्जित किए। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर पिरदा की कक्षा 10वीं की छात्रा आस्था पटेल ने 95.50 प्रतिशत और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरनईदादर की कक्षा 12वीं की छात्रा अस्मिता भोई ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्टता का परिचय दिया। प्रशासन द्वारा दी गई इस प्रोत्साहन राशि से छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगी।