विधायक ने सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ कार्यक्रम
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड का प्रसारण हुआ। इस दौरान महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने पारिवारिक वैवाहिक कार्यक्रम के बीच समय निकालकर कार्यक्रम का श्रवण किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए देश में चल रहे जनगणना अभियान का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना प्रक्रिया है, जिसके बारे में हर नागरिक को जानकारी होना आवश्यक है। जिन राज्यों में स्व-गणना का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां अब घरों की लिस्टिंग का काम तेजी से जारी है। अब तक लगभग 1 करोड़ 20 लाख परिवारों के मकानों की लिस्टिंग पूरी की जा चुकी है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे उन्हें एक विशेष आईडी प्राप्त होती है। यह आईडी मोबाइल या ईमेल पर आती है और बाद में कर्मचारी के आने पर इसी के माध्यम से जानकारी की पुष्टि की जा सकती है, जिससे दोबारा विवरण देने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
इस दौरान उन्होंने आगामी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर का भी उल्लेख करते हुए देशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध ने सिखाया है कि शांति हमारे भीतर से शुरू होती है और स्वयं पर विजय ही सबसे बड़ी विजय है।
अन्य विषयों पर भी रखे विचार
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने पर्यावरण और ऊर्जा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि कछ में हर साल बरसात के बाद लाखों फ्लेमिंगो पक्षी पहुंचते हैं, जिससे पूरा क्षेत्र गुलाबी रंग में रंग जाता है और इसे “फ्लेमिंगो सिटी” के नाम से भी जाना जाता है।
इसके साथ ही उन्होंने देश में पवन ऊर्जा के बढ़ते विस्तार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की विंड एनर्जी क्षमता 56 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है। गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्य इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने बांस से जुड़े कानूनों में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पहले बांस को पेड़ की श्रेणी में रखा गया था, जिससे इसके परिवहन पर कड़े नियम लागू थे। वर्ष 2017 में कानून में संशोधन कर बांस को पेड़ की श्रेणी से बाहर किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब विशेषकर उत्तर-पूर्वी राज्यों में देखने को मिल रहे हैं, जहां बंबू सेक्टर तेजी से विकसित हो रहा है।
