श्रमदान और नगर पालिका के सहयोग से पिटियाझर तालाब की सफाई शुरू

महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित पिटियाझर तालाब की लंबे समय से उपेक्षित सफाई आखिरकार शुरू हो गई है। नगर पालिका और स्थानीय स्वयंसेवकों के संयुक्त प्रयास से तालाब के आसपास फैली गंदगी को हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
सफाई अभियान में एक ओर जहां स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर मोर्चा संभाला, वहीं नगर पालिका द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर तालाब की मेड़ और आसपास के क्षेत्र की सफाई कराई गई। वर्षों से साफ-सफाई नहीं होने के कारण तालाब की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी थी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई थी।
सफाई कार्य का निरीक्षण करने नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, वार्ड 12 की पार्षद कल्पना सूर्यवंशी, वार्ड 22 के पार्षद मुन्ना देवार और भाजपा नेता जितेंद्र साहू मौके पर पहुंचे और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
रविदास बस्ती के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने सुबह श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की और भविष्य में भी इसे नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने बताया कि वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से तालाब की सफाई की मांग की जा रही थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। अब जेसीबी के माध्यम से सफाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि तालाब की पचरी (घाट) जर्जर हो चुकी है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसके जीर्णोद्धार के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की जाएगी।