तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी फरार
महासमुंद। जिले के ग्राम बोड़ेसरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना 23 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे की है। पुलिस के अनुसार, ग्राम बोडेसरा निवासी हुकुम पटेल (62) अपनी बाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटे नाला के पास सारंगढ़ की ओर से आ रहे एक अज्ञात बाइक चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुकुम पटेल को तत्काल सरायपाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
