आईपीएल ऑनलाइन सट्टा गिरोह से 1.15 करोड़ के लेन-देन का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। आईपीएल मैचों के दौरान संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य मास्टरमाइंड सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये के सट्टा लेन-देन का खुलासा हुआ है, वहीं कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को पकड़े गए 9 आईपीएल बुकी से मिले इनपुट के आधार पर मास्टरमाइंड समेत 6 लोगों को पकड़ा है। बताया जाता है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन पैनलों के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। इनमें अनकेबलेट9, अंकल 777, ग्रैंड 777, पावर एक्स, वजीरएक्स, क्लासिक 7777, ग्रैंड एक्स और गुड 777 जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। गिरोह 5 पैनल और 10 मास्टर लॉगिन के जरिए पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
तकनीकी जांच से खुला नेटवर्क का राज
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 8 अप्रैल 2026 को थाना महासमुंद पुलिस ने बाबा फैमिली ढाबा, घोड़ारी के पास से 6 आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा खेलते गिरफ्तार किया था। ये आरोपी “पावर एक्स ” व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सट्टा चला रहे थे। विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को इस बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर और बेमेतरा में दबिश देकर 5 अन्य सटोरियों को हिरासत में लिया, जबकि एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य एडमिन “नितिन” था, जो पैनल ऑपरेट कर अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराता था और सट्टे की राशि का वितरण करता था।
बार-बार ठिकाने बदलकर चलाते थे सट्टा
पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और अलग-अलग स्थानों से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश (रायपुर), ललित चावला (रायपुर), अंशु बग्गा (बेमेतरा), सौरभ जैन (रायपुर), विजय वर्मा (रायपुर) और निशांत नागवानी (रायपुर) को गिरफ्तार किया गया है।
जब्त किए गए सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन (13 टच स्क्रीन और 9 कीपैड) तथा 1 करोड़ 15 लाख रुपये के सट्टा लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
आईटी एक्ट और जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट की धारा 6 और 7 के साथ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।