साल्हेझरिया नाका में पुलिस ने 1 किलो से अधिक गांजा के साथ दो युवक को किया गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम साल्हेझरिया नाका के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को पुलिस द्वारा साल्हेझरिया नाका में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मनोज साहू (26) एवं सुनील बाग (22) निवासी ठाकुरदियाडाभा, थाना झारबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.080 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 54,000 रुपए बताई गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त 30,000 रुपए मूल्य की बाइक भी जब्त की गई। इस तरह कुल जब्ती की राशि 84,000 रुपए आंकी गई है। बसना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।