प्रदेश में पेसा कानून और एनजीटी के निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है: रश्मि

महासमुंद। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के सारे जंगल अडाणी को दे दिए हैं। पेसा कानून और एनजीटी के निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जंगलों को बर्बाद किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा में यह मुद्दा उठाने वाले थे, लेकिन उन्हें रोकने के लिए सुबह-सुबह ईडी ने उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। बीते 11 वर्षों में देश अच्छी तरह समझ चुका है कि ये जनता की आवाज को कुचलने और विपक्ष को दबाने के तरीके हैं। लेकिन, ऐसे हथकंडों से सच को दबाना और विपक्ष को डराना नामुमकिन है। चंद्राकर ने कहा है कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बघेल के साथ मजबूती से खड़ा है। आगे डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार लोकतंत्र को कुचलने के लिए किस हद तक जा सकती है, इसका इससे बड़ा उदाहरण नहीं हो सकता। छत्तीसगढ़ की जनता अब इस सरकार से बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है और भाजपा की साय सरकार छत्तीसगढ़ में विकास के नाम पर कुछ नहीं किया है।