कटेकल्याण क्लस्टर में हुआ संतृप्ति करण शिविर का आयोजन

धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान
दंतेवाड़ा, 20 जून 2025। जिले के विकासखण्डों में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत संतृप्ति करण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की जनकल्याण योजनाओं का सीधा लाभ देना और विभिन्न नागरिक सेवाओं को एक स्थान पर उपलब्ध कराना है। इस क्रम में आज कटेकल्याण क्लस्टर में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लखारास, परचेली, नड़ेनार, चिकपाल, मारजूम, बेंगलुर, मथाड़ी के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं संबंधित सभी अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में आधार बनाने, बैंक खाता खुलवाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने, जाति निवास बनाने, राशन कार्ड बनाने किसान क्रेडिट कार्ड बनाने, स्वास्थ्य जांच कराने आदि हेतु विभिन्न विभागों द्वारा काउंटर बनाये गए थे, शिविर में अपर कलेक्टर राजेश पात्रे भी सम्मिलित हुये उन्होंने शिविर में लगे सभी विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया व हितग्राहियों से रूबरू हुये, उन्होंने सेचुरेशन बेस पर सभी हितग्राहियों के दस्तावेज बनाने हेतु अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिये। इसके साथ ही शिविर में महिला बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत जागरूकता अभियान भी चलाया गया, इस शिविर में 86 आधार, 10 आयुष्मान कार्ड, 16 बैंक खाते, 43 राशन कार्ड, 22 आय जाति निवास, 16 किसान क्रेडिट कार्ड, 120 सिकलसेल स्वास्थ्य जांच, 19 जनधन खाता बीमा योजना, और 8 श्रम कार्ड वितरण जैसी सेवाएं ग्रामीणों को तत्काल उपलब्ध कराई गई। इस शिविर में वृक्षारोपण अभियान के तहत जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।