कटेकल्याण में पुनर्वास सुविधा शिविर, 90 नक्सल प्रभावितों को मिली सौगात

दंतेवाड़ा, 20 जून 2025। विगत दिवस कटेकल्याण में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए एक दिवसीय पुनर्वास सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य समाज की मुख्यधारा से कटे हुए लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समावेशी विकास से जोड़ना था। इस शिविर में लगभग 90 हितग्राहियों को 238 योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी गोवर्धन प्रसाद साहू की उपस्थिति में लाभार्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, श्रम कार्ड, बस पास, नरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैंक खाता खोलना, स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र जारी करना, कौशल विकास प्रशिक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, वन अधिकार पट्टा जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं का लाभ दिया गया। यह शिविर राज्य शासन की नक्सल प्रभावित पुनर्वास नीति के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य हिंसा से बाहर आ चुके या हिंसा से प्रभावित परिवारों को सामाजिक, आर्थिक और संस्थागत सहयोग प्रदान कर मुख्यधारा में पुनः स्थापित करना है।