इंडियन ऑयल के पाइप लाइन से पेट्रोलियम पदार्थ चोरी का प्रयास
महासमुंद। ग्राम जगत के एक खेत से गुजरे पारादीप-रायपुर-रांची पाइपलाइन से पेट्रोलियम पदार्थ चोरी के प्रयास के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बसना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से इंडियन ऑयल कॉपोर्रेशन लिमिटेड (पाइपलाइंस डिवीजन) एसईआरपीएल, रायपुर में ऑपरेशन मैनेजर मिथलेश कुमार देवांगन ने शिकायत की है कि वह रायपुर क्षेत्राधिकार अंतर्गत पारादीप-रायपुर-रांची पाइपलाइन (पीआरआरपीएल) की पाइपलाइन सुरक्षा संबंधित गतिविधियों की निगरानी करता है और उनका कार्य सरायपाली से रायपुर के बीच में बिछी पाइपलाइन की निगरानी करना है। 14 मई की रात 10.16 बजे, पाइपलाइन इंडूजन डिटेक्शन एंड वार्निंग सिस्टम ने चेनिज 517.747 किलोमीटर (एक्स-परादीप) पर संभावित छेड़छाड़ का अलार्म दिखाया। इस अलार्म की त्वरित प्रतिक्रिया टीम द्वारा तुरंत पुष्टि की गई। टीम के 10.45 बजे स्थल पर पहुंचने के उपरांत उन्होंने क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया और वहां एक गड्ढा, डबल-वल्व फिटिंग, पाइप ड्रिलिंग की व्यवस्था, बोरी, औजार तथा अन्य सामग्री पाई गई। जिससे स्पष्ट होता है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पाइपलाइन से पेट्रोलियम उत्पाद चोरी करने का प्रयास किया गया। बसना पुलिस ने आवेदन के अवलोकन के बाद अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2), 62 बीएनएस, पेट्रोलियम एवं खनिज पाइपलाइन अधि. 1962 (संशोधित 2011) की धारा 15(2), 15(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
