मोहिनी एकादशी पर महिलाओं ने किया व्रत-पूजन, राममंदिर में गूंजे भक्ति के स्वर
वैशाख शुक्ल एकादशी पर भगवान विष्णु के मोहिनी स्वरूप की आराधना, पौराणिक कथा का भी हुआ स्मरण
महासमुंद। ग्राम खरोरा स्थित राममंदिर में मोहिनी एकादशी के अवसर पर महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत रखकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल रहा और महिलाओं ने भगवान विष्णु के मोहिनी स्वरूप की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मोहिनी एकादशी का व्रत वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। इस दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु के मोहिनी अवतार की पूजा का महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस व्रत को करने से पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति होती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान जब अमृत की प्राप्ति हुई, तब देवताओं और असुरों के बीच उसे पाने के लिए संघर्ष छिड़ गया था। उस समय देवताओं की सहायता के लिए भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण किया और अपनी मायावी शक्ति से असुरों को मोहित कर अमृत देवताओं को प्रदान किया। इसी घटना के कारण इस एकादशी को ‘मोहिनी एकादशी’ के नाम से जाना जाता है।
मंदिर में पूजा के दौरान महिलाओं ने व्रत कथा सुनी और भगवान विष्णु का ध्यान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। आयोजन के दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का विशेष उत्साह देखने को मिला।
