महासमुंद से तुमगांव रोड चौड़ीकरण कार्य का विधायक ने किया शुभारंभ

महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने शनिवार को महासमुंद से तुमगांव रोड चौड़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। मार्ग के चौड़ीकरण से लोगों को काफी राहत मिलेगी। गुलशन चौक में मार्ग चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य में हमारी भाजपा की सरकार हमेशा जनहित में कार्य कर रही है। लोगों की मांग और समस्या को देखते हुए ही अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आगे कहा कि काफी समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। शासन द्वारा कार्य स्वीकृत होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसका भूमिपूजन किया था। कुल 19.86 करोड़ रुपए की लागत से 9.65 किलोमीटर लंबाई तक कार्य होगा। इसमें पुल, पुलिया सहित चौड़ीकरण कार्य होगा। इससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, मंडल उपाध्यक्ष मुन्ना साहू, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, वरिष्ठ नेतागण प्रकाश शर्मा, संदीप घोष, हरवंश सिंह, रोहित चंद्राकर, राधेश्याम साहू, राजेंद्र चंद्राकर, अरविंद प्रहरे, पप्पू ठाकुर, गोविंद ठाकुर, भगवती करकसे, सुनैना ठाकुर, माखन पटेल, सीता डोंडेकर, पीयूष साहू, अमित साहू, सुनीता साहू, विजय साहू, राहुल आवड़े, जितेंद्र ध्रुव, रामेश्वर पटवा सहित अन्य उपस्थित थे।
सघन आबादी वाले क्षेत्र से गुजरता है मार्ग
महासमुंद से तुमगांव की ओर जाने वाली सड़क काफी व्यस्ततम है। शहर की करीब 40 प्रतिशत आबादी नयापारा, अयोध्या नगर और इमलीभाठा में निवासरत है, उनके लिए यह मुख्य मार्ग है। इसके चौड़ीकरण से काफी सुविधा हो जाएगी। वहीं इस मार्ग के आसपास कई स्कूल भी आते हैं, स्कूली बच्चों को भी आवाजाही में आसानी होगी। यह मार्ग महासमुंद शहर और नगर पंचायत तुमगांव को जोड़ता है। दिनभर वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। साथ ही यह रोड नेशनल हाईवे 53 को भी जोड़ता है। इसी रोड से होकर महासमुंद से बलौदाबाजार, सरायपाली और सारंगढ़ जाते हैं। इस रूट की सभी यात्री वाहन इसी सड़क से होकर गुजरती है।