बायोफर्टिलाइजर संयंत्र का निगम अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष (केबिनेट मंत्री दर्जा) चंद्रहास चंद्राकर ने बीज निगम द्वारा छोटे उरला अभनपुर में संचालित बायोफर्टिलाइजर संयंत्र पहुंचकर संयंत्र द्वारा उत्पादित किए जाने वाले लिक्विड बायोफर्टिलाइजर के उत्पादन प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
इस दौरान बीज उपार्जन के लिए पंजीकृत आसपास ग्रामों के 100 से अधिक किसान भी उपस्थित थे। उन्होंने बीज की गुणवत्ता को लेकर किसानों व संयंत्र के अधिकारियों से चर्चा की। बायोफर्टिलाइजर प्लांट की कार्य प्रणाली के बारे में उन्होंने संयंत्र प्रभारी एवं सहायक सूक्ष्म जीव वैज्ञानिक से विस्तारपूर्वक चर्चा की। चंद्राकर भी एक किसान हैं, वे बायोफर्टिलाइजर के प्रयोग से फसलों के उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि से पूर्णत: परिचित हैं। बायोफर्टिलाइजर के प्रयोग से कृषि के क्षेत्र में रासायनिक उर्वरकों पर से निर्भरता खत्म की जा सकती है, साथ ही रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव से भी बचा जा सकता है। इस दिशा में विशेष कार्य किये जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए खुले बाजार में लिक्विड बायोफर्टिलाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विक्रय- व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने रेडी-टू-इट निर्माण प्रक्रिया भी देखी। तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बायोफर्टिलाइजर संयंत्र भ्रमण के दौरान निगम अध्यक्ष के साथ देवेंद्र चंद्राकर, नंदू जलक्षत्री व कृषक गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।