अहिल्याबाई ने सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया बल्कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य किए: जगन्नाथ

टाउन हॉल में रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यशाला
महासमुंद। रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती पर टाउन हॉल में शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और रानी अहिल्याबाई की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, नागरिक एवं समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम की प्रस्तावना भाजपा जिलाध्यक्ष एतराम साहू ने प्रस्तुत किया। उन्होंने रानी अहिल्याबाई होलकर के जीवन मूल्यों, उनके योगदान एवं इस आयोजन की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा, रानी अहिल्याबाई भारतीय इतिहास की एक ऐसी महान विभूति हैं, जिन्होंने अपने शासनकाल में सेवा, समर्पण और न्याय के मूल्यों को स्थापित किया। उनकी जयंती हम सभी के लिए प्रेरणा का अवसर है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा रायपुर संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही रहे, जिन्होंने अपने
उद्बोधन में कहा, होलकर साम्राज्य की महान शासिका रानी अहिल्याबाई केवल एक प्रशासिका नहीं थीं, वे समाज सुधारक, धार्मिक चेतना की संवाहक और जनकल्याण की प्रतीक थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया बल्कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए अनेक कार्य किए। देशभर में उन्होंने सैकड़ों मंदिर, धर्मशालाएं, कुएं और धर्मिक स्थल पुनर्निर्मित कराए, जो आज भी उनके सेवा भाव की गवाही देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि रानी अहिल्याबाई का शासन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक रहा है। आज के समय में उनकी तरह जनसेवा के भाव को अपनाकर ही हम सच्चे राष्ट्र निर्माण में सहभागी बन सकते हैं। सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा, रानी अहिल्याबाई ने यह सिद्ध किया कि एक नारी न केवल घर बल्कि शासन और समाज को भी आदर्श रूप में संचालित कर सकती है। उन्होंने अपने शासन में गरीबों, किसानों, महिलाओं और धार्मिक स्थलों के हित में जो कार्य किए, वे अतुलनीय हैं। हमें उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष एतराम साहू ने कहा कि हमें गर्व है कि हम रानी अहिल्याबाई जैसी महान विभूति की जयंती मना रहे हैं। वे न्यायप्रियता, धर्मनिष्ठा और नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। छत्तीसगढ़ जैसे सांस्कृतिक राज्य में उनके आदर्शों को जनजागरण का माध्यम बनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर सरल कोरिया ने भी अपने विचार रखे। आयोजन के संयोजक भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा व कार्यक्रम का संचालन प्रदीप चंद्राकर ने किया। उन्होंने मंच संचालन करते हुए अतिथियों का स्वागत एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू सहित अनेक प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से आए कार्यकर्ताओं ने रानी अहिल्याबाई के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।