धमकी देकर युवक को बनाया बंधक, वसूले 20 हजार
महासमुंद। बाइक से घर जा रहे एक युवक से कुछ लोगों ने गाली गलौज, मारपीट और डरा धमकाकर 20 हजार रुपए वसूल लिए। प्रार्थी ने मामले की रिपोर्ट सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि ग्राम खपरी थाना फिंगेश्वर जिला गरियाबंद निवासी भीखम सतनामी 24 अप्रैल को रायपुर से काम करके बाइक से घर जा रहा था जैसे ही वह ग्राम बरोंडाबाजार-साराडीह मोड़ के पास सुबह करीब 9 बजे पहुंचा, उसी समय वहां पहले से उपस्थित कोसमबुडा निवासी जहुर, भलेसर निवासी राजू कुर्रे, बरोंडा बाजार निवासी जनक बंजारे और अन्य ने आवाज देकर रोका।
बाद वे लोग प्रार्थी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट कर कहने लगे कि हिंदू संगठन में काम करता है और हम लोग मवेशी ले जाते हैं, उसकी सूचना देकर मवेशी को तथा हम लोगों को पकड़वा देता है, केस में फंसा देंगे। इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी से 50 हजार रुपए की मांग की। तब डर कर प्रार्थी ने अपने छोटे भाई अनिल कुमार को फोन किया। जब उसका भाई आया तब उन्होंने आरोपियों को पैसा देने से मना किया, इस पर फिर से प्रार्थी से मारपीट की। बाद प्रार्थी के भाई ने गांव में रहने वाले उमेश बंजारे को फोन कर घटना के संबंध में बताया, बाद प्रार्थी के बड़े भाई उमेश बंजारे ने ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर किया, तब आरोपियों ने प्रार्थी और उसके भाई को छोड़ा। मामले में रिपोर्ट के बाद आरोपियों के खिलाफ 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
