डायल-112 के आरक्षक से मारपीट, वर्दी फाड़ी
महासमुंद। ग्राम गुठानीपाली में मारपीट, विवाद की सूचना पर पहुंचे डायल 112 में पदस्थ आरक्षक के साथ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और वर्दी फाड़े जाने संबंधी शिकायत पर थाना सिंघोड़ा में आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया गया है।
सिंघोड़ा थाने में आरक्षक विजय कुमार मज्जी (27) ने गुठानीपाली निवासी सुभाष तांडी के खिलाफ 112 इवेंट के दौरान लडाई झगडा एवं मारपीट करने के संबंध में लिखित आवेदन पेश किया गया है। उन्होंने अपने आवेदन में कहा है कि 24 अप्रैल की रात करीब 8. 20 बजे सी 04 रायपुर से सूचना मिली कि अभय साहू के साथ गांव का सुभाष तांडी शराब पीकर गाली गलौज कर रहा है। सूचना पर सिंघोड़ा लाइन 01-112 से चालक कुलेश्वर साव के साथ वह ग्राम गुठानीपाली गया था। गांव में जाकर सूचक अभय साहू से पूछताछ कर सुभाष तांडी को आवश्यक समझाइस दी जा रही थी। लेकिन शराब के नशे में सुभाष उनके साथ गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए वर्दी फाड़ी। पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 121, 221, 132 भारतीय न्याय संहिता के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
