पशु-पक्षियों के लिए स्काउट्स गाइड्स ने शुरू की सेवा अभियान
महासमुंद। तेज गर्मी से पशु पक्षियों को बचाव, राहत के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा खाने पीने की व्यवस्था का अभियान शुरू किया है। जिले के कब बुलबुल, स्काउट-गाइड, रोवर, रेंजर अपने घर, गली मोहल्ले के साथ विद्यालय में भी पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। घर की छतों और पेड़ों पर दाना पानी के लिए पात्र रखे जा रहे हैं। पक्षियों के लिए घोसले बनाए जा रहे हैं और जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था की जा रही है। गर्मी में जब पशु पक्षियों के लिए जल और आश्रय की उपलब्धता कठिन हो जाती है, तब इस प्रकार की पहल न केवल उनके जीवन के लिए सहायक सिद्ध होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होती है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त ने निर्देश जारी किया कि पूरे गर्मी के मौसम में यह सेवा कार्य किया जाएगा। इस सेवा कार्य में लीडर्स भी अपना सहयोग दे रहे हैं। शासकीय श्रीराम उच्च प्राथमिक शाला महासमुंद के स्काउट्स गाइड्स ने यूनिट लीडर लीनू चंद्राकर के मार्गदर्शन में विद्यालय में चल रहे नि:शुल्क समर क्लास में पक्षियों के लिए दाना-पानी के लिए पात्र तैयार किया है। इसमें विद्यालय के वृंदा सावरा, डिगेशवरी, सुमित्रा, हरगुन, कीर्ति, अंकित, गौरव स्काउट गाइड्स ने सहयोग प्रदान किया।
