सच्चे मन से भगवान श्रीराम का नाम जपने से राम मिल जाते हैं

महासमुंद। बीटीआई रोड स्थित खैरा बाड़ा में चंद्राकर परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। कथावाचक आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री ने कथा के पहले दिन सुकदेव जन्म की कथा सुनाई । उन्होंने कहा कि सच्चे हृदय से भगवान श्रीराम का नाम जपने से राम मिल जाते हैं। उन्होंने गृहस्थ जीवन का व्याख्या कर कहा कि विवाहित माताओं को कभी किसी के सामने दंडवत नहीं होना चाहिए। संतों के सामने दंडवत होने की अपेक्षा केवल उनके दर्शन मात्र से ही कल्याण हो जाता है। उन्होंने सुकदेव जन्म कथा की व्याख्या करते हुए कहा कि माता पार्वती की जिद पर भोलेनाथ ने उन्हें अमृत रूपी श्रीराम कथा सुनाई थी। कथा के बीच में ही माता को नींद आ जाती है, और तोते के अंडे पर कथा के प्रभाव से प्राण आ जाता है, तथा वहा कथा श्रवण कर अमरत्व को प्राप्त कर लेता है। कथा श्रवण करने बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे।