प्राइवेट हॉस्पिटल की मनमानी से मरीज के परिजन परेशान
भाजपा नेता ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
महासमुंद। गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए भारत सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन कर रही है। जमापूंजी ईलाज और आपरेशन में खर्च न हो इसके लिए आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत भारत सरकार देश के गरीबों के लिए 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा प्रदान कर रही है। लेकिन, प्राइवेट हॉस्पिटल अपनी मनमानी करते हुए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, इलाज करने से सीधे मना कर रहे हैं। स्टेशन रोड स्थित अकाल पुरख प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती अमेरिका निषाद के परिजन ने बताया कि बड़े ऑपरेशन से लड़की का जन्म हुआ, डिस्चार्ज कराने गया तो हॉस्पिटल वालों ने कहा कि हमारे यहां कोई राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड नहीं चलता, कैश 45 हजार रुपए जमा करो, तभी डिस्चार्ज किया जाएगा। उक्त समस्या से भाजपा व किसान नेता अशवंत तुषार साहू को अवगत कराया जिस पर श्री साहू ने डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर को ज्ञापन सौंपकर हाॅस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
