बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने घेरा सब स्टेशन
महासमुंद। तुमगांव क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में लगातार हो रही बिजली कटौती से आक्रोशित पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमर अरुण चंद्राकर ने ग्रामीणों समेत बीती रात तुमगांव विद्युत सब स्टेशन का घेराव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोड सेटिंग के नाम पर तुमगांव, सिरपुर क्षेत्र के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कटौती की जा रही है। श्री चंद्राकर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों को भ्रमित कर लोड सेटिंग का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि वास्तव में यह अनुचित बिजली कटौती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह ग्रामीण जनता के साथ धोखा है और यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। घेराव के दौरान स्टेशन में मौजूद अधिकारियों को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया गया, जिसके बाद कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की गई है। लेकिन अमर चंद्राकर ने चेतावनी दी है कि यदि यह समस्या दोहराई गई, तो आंदोलन और अधिक तेज़ होगा।
