अधूरे काम अविलंब पूरा कराएं: देवीचंद
महासमुंद। गोल बाजार में पौनी पसारी योजना के तहत निर्मित शौचालय का निरीक्षण नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी , वार्ड पार्षद व सभापति के प्रतिनिधि संजय भोई, वार्ड 26 के पार्षद पियूष साहू ने किया। शौचालय निर्माण उपरान्त आवश्यक निर्माण संबंधी कार्य लंबित है। शौचालय की निकासी के लिए नाली निर्माण आवश्यक है, पेवर ब्लाक बिछाना, विद्युत के खंभे लगाना एवं बाउंड्रीवाल का काम छोटे-छोटे काम पेंडिंग होने के कारण चालू नहीं हो पा रहा है। निर्माण की लागत 30 लाख रुपए है। लगभग 3 साल से अधिक हो गया अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सब इंजीनियर से दूरभाष पर चर्चा कर निर्देश दिया गया कि काम शीघ्र पूरा कराएं। ठेकेदार यदि काम करने के इच्छुक नहीं हैं, तो ठेके को समाप्त कर दूसरी निविदा बुलाई जाए। बाजार के व्यापारी परेशान हैं, जब तक शौचालय की निकासी व्यवस्था सुचारू रूप से नही हो जाती तब तक शौचालय चालू नहीं किया जा सकता। शीघ्र काम कराया जाए। निरीक्षण के दौरान शरद राव, भरत खत्री, तुलसी साहू, गौरव राठी, गुलशन राठी, सलीम खान सहित व्यापारीगण मौजूद रहे।
