नगर पंचायत तुमगांव के सैंकड़ों लोगों ने विभिन्न मांगों लेकर सौंपा ज्ञापन

महासमुंद। तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद सहित सैंकड़ों लोगों ने आज कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी मांग, शिकायत व समस्याओंं के संबंध में कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर कार्यालय पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने बताया कि तुमगांव सीमा से लगे हुए भोरिंग चौक से लेकर एनएच चौक सीमा क्षेत्र बेन्द्रीडीह व कौंवाझर में भू-माफियाओं द्वारा शासकीय भूमि पर गुमटी, ठेला, टीन सेट स्थापित कर अतिक्रमण किया जा रहा है। जिससे प्रतिदिन दुर्घटना होती रहती है। अतिक्रमण रोकने पर उक्त भूमि तुमगांव सीमा में न होने के कारण अतिक्रमणकारियों के द्वारा वाद -विवाद किया जाता है। इसलिए तुमगांव सीमा क्षेत्र भोरिंग चौक से लेकर एनएच तक लगे बेन्द्रीडीह एवं कौंवाझर सीमा क्षेत्र को नगर पंचायत तुमगांव में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत तुमगांव के कई आमजन विगत 40 – 50 वर्षों से शासकीय भूमि एवं बड़े झाड़ की भूमि पर वर्षों से घर बनाकर जीवन-यापन कर गुजारा कर रहे हैं। शासकीय भूमि एवं वन भूमि होने के कारण आम जनों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अत: उक्त शासकीय भूमि व वन भूमि को आबादी घोषित कर निवासरत आमजनों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया जाए । श्री साहू ने कहा कि इन दिनों लगातार गर्मी बढ रही है ,बार-बार बिजली बंद होने से परेशानी हो रही है। विद्युत विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति कई-कई घंटों के लिए बंद कर दी जाती है जिससे पेयजल आपूर्ति की समस्या हो जाती है।