प्रधानमंत्री आवास दिलाने उतरवाए जेवर, लेकर हुआ फरार

महासमुंद। प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर दो गांवों की महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पटेवा पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर ठगों की तलाश में जुटी गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिनोधा निवासी डेरहीन ध्रुव ने बताया कि 16 मार्च की सुबह करीब 9 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उसके घर आए और कहा कि आपके नाम से शासकीय आवास आया है। इसके बाद मकान की जगह दिखाने कहा। वह उन दोनों को घर बाड़ी की ओर ले गई। बाद दोनों ने कहा कि सोने चांदी के जेवर को निकाल कर रख दो, फोटो में नहीं दिखना चाहिए, अन्यथा आवास निरस्त हो जाएगा। ऐसा कहने पर महिला ने अपने कान की सोने की बाली, गले की चांदी की चैन और चांदी की पैर पट्टी निकाल कर कमरे के अंदर रख दिया। बाद महिला फोटो खिंचवाने के लिए बाड़ी में गई, तब दोनों ने कहा कि अपनी बहू को बुला लो अगर आपका फोटो साफ नहीं आएगा तो आपकी बहू का फोटो खीचेंगे। फिर उनमें से एक नरसिंग बरिहा के घर से मैं आ रहा हूं कहकर चला गया। कुछ समय बाद उस व्यक्ति ने अपने साथी को चलने कहा। बाद जब उन्होने घर के अंदर जाकर देखा तो बिस्तर में रखे जेवरात नहीं थे। उक्त दोनों ने बिस्तर में रखे एक जोड़ी सोने की खिनवा कीमत करीब 27 हजार रुपए, एक चांदी की चेन कीमत करीब 6 हजार रुपए, एक जोड़ी चांदी की पैर पट्टी (कीमती करीब 25850 रुपए) चोरी कर ले गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 3(5)-बीएनएस 305 बीएनएस, 331 (3)-बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। इसी तरह ग्राम झलप में शासकीय आवास के नाम पर फोटो खींचने के बहाने दो अज्ञात व्यक्तियों ने कौशिल्या यादव के घर से भी 14 नवंबर 2024 को एक जोड़ी चांदी का लच्छा और एक जोड़ी चांदी की ऐंठी पार कर दी । इस मामले में भी रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 3(5)-बीएनएस, 305 बीएनएस, 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।