दो युवकों से 186 क्वार्टर शराब जब्त

सिटी कोतवाली व बागबाहरा थाना क्षेत्र का मामला
महासमुंद। सीटी कोतवाली और बागबाहरा पुलिस ने रविवार को 186 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ दो युवकों को आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान बागबाहरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बागबाहरा शराब भट्ठी के तरफ से एक व्यक्ति स्कूटी में शराब रखकर जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने कर्रापारा वार्ड 07 बागबाहरा पहुंचकर स्कूटी वाहन क्रमांक 06 जीएक्स 6003 को रोका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पता कल्याणपुर बागबाहरा निवासी भूषण ठाकुर (23) बताया। स्कूटी की तलाशी लेने पर दो बोरियों में 50-50 पौवा देशी प्लेन शराब तथा स्कूटी के सीट के नीचे डिक्की में एक सफेद बोरी में 36 पौवा देशी प्लेन शराब सभी में 180 मिली (कीमत 10880 रुपए) मिली। आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह कोतवाली पुलिस ने रविवार को ही मुखबिर की सूचना पर एक युवक को 50 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ पकड़ा। उक्त युवक सितली नाला देशी शराब दुकान की ओर से बाइक क्रमांक सीजी 06 डी 7359 में एक काले बैग में शराब लेकर शहर की ओर आ रहा था। सूचना पर पुलिस ने बाइक सवार युवक को शंकराचार्य टाउन हाल के पास रोका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पता वार्ड- 25 सुभाष नगर निवासी रोहेंद्र साहू (25) बताया। बैग में 50 पौवा देशी प्लेन शराब (कीमती 4 हजार रुपए) पाई गई। पुलिस ने शराब जब्त कर युवक को गिरफ्तार किया।
शराब की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने नाकाम
जिले की शराब दुकानों से शराब कोचियों को बोरियों में भर-भर कर शराब देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला उजागर होने पर कभी-कभार आबकारी विभाग द्वारा शराब दुकान के कर्मचारियों पर निलंबन या ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई कर खानापूर्ति कर दी जाती है। शराब दुकानों से इतनी भारी मात्रा में माफियाओं को शराब उपलब्ध कराना विभागीय संरक्षण को भी दर्शाता है।