दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो की मौत

बाइक की टक्कर से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ा
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पहली घटना में बसना के पदमपुर मार्ग ठाकुरदिया के पास एक बाइक ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। बसना पुलिस को मृतक युवक के भाई धनेश्वर यादव ने बताया कि 3 अप्रैल की रात करीब 8.40 बजे उसका छोटा भाई मनेशर धरम सिंग सिदार के साथ खेत में चल रहे बोर पंप को देखने पैदल जा रहा था। बसना-पदमपुर मार्ग ठाकुरदिया के आगे पहुंचने पर गढ़फुलझर की ओर से आ रही बाइक एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी 06 जीएस 9996 के चालक लमकसा निवासी माधव नागेश ने अपने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मनेशर यादव को पीछे से ठोकर मार दिया। धरमसिंग सिदार ने उन्हें फोन कर सूचना दी। 108 वाहन से मनेशर यादव को इलाज हेतु सरकारी अस्पताल बसना ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
वहीं दूसरी घटना में बसना थाना क्षेत्र में ही रूपापाली क्रशर मोड़ के पास बाइक के अनियंत्रित होकर गिर जाने से चालक की मौत हो गई। बसना पुलिस को जमदरहा निवासी शिवचरण चौहान ने बताया कि उनका पुत्र कन्हैयालाल चौहान 4 अप्रैल को बाइक एचएफ डीलक्स क्रमांक सीजी 06 जीएच 9155 से अपने ससुर घर ग्राम धामनघुटकुरी से वापस आ रहा था। शाम करीब 4.30 बजे रास्ते में रूपापाली क्रशर के आगे मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई जिससे कन्हैयालाल बाइक सहित खेत में जाकर गिर गया। चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई है। मामले में पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।