पोषण ट्रेकर अधिकारी बताकर दो महिलाओं से ठगी
अज्ञात के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज
महासमुंद। साइबर ठग नित नए-नए तरीके अपनाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। कभी नौकरी लगाने के नाम पर तो कभी अधिक पैसे कमाने का लालच देकर, कभी बिजली विभाग का अधिकारी बताकर लाईन काटने की धमकी देकर हजारों रुपए ठग रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फिर से सामने आया है। अब की बार ठग ने खुद को महिला बाल विकास का पोषण ट्रेकर अधिकारी बताकर दो महिलाओं से 29 हजार रुपए की ठगी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को हितग्राही मनीषा रात्रे के मोबाइल पर कॉल कर कॉलर ने स्वयं को अधिकारी बताकर कहा कि अब तक पोषण ट्रेकर का केवायसी जमा नहीं हुआ है। इस पर हितग्राही ने कहा कि वर्तमान में नेट काफी धीमा चल रहा है। इस पर उसने कहा कि मानदेय कटेगा। ऐसा कहकर उसने संबंधित स्थान की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी लाइन पर लेकर बात कराई। साथ ही विभाग की अन्य गतिविधियों के विषय में भी बात की। इस पर मनीषा को पूर्ण विश्वास हो गया। लेकिन, इस समय तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कॉल कट कर चुकी थी। इसका फायदा उठाकर वापस कॉलर ने मनीषा को कॉल लगाकर ओटीपी पूछा और 19 हजार रूपए ठग लिया। इसी तरह एक अन्य मामले में ग्राम छिंदौली में इसी कॉलर ने एक महिला से 4 हजार रुपए की ठगी कर ली।
जुझारू आंगनबाड़ी केंद्र की प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि केवल महासमुंद ही नहीं, राजधानी सहित स्थानों से भी इसी पैटर्न पर ठगी के मामले आ रहे हैं। बताया कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रेकर से संबंधित जानकारी ऐप में अपलोड करनी होती है। अंदेशा है कि यह ऐप किसी ने हेक कर लिया है। फिलहाल, इसकी शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई है।
