डेढ़ क्विंटल गांजे के साथ महाराष्ट्र के चार तस्कर गिरफतार

महासमुंद। जिले की पिथौरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही एक स्विफ्ट व एक स्कार्पियो से 28.80 लाख रुपये के 152 किलो गांजा के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूचना के आधार पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी । उसी दरम्यान ओड़िशा से एक स्कार्पियो वाहन क्रमांक एम एच 04 एम एफ 4564 एवं एक स्विफ्ट वाहन क्रमांक एमएफ 01 डीबी 1463 आयी, जिसमें चार लोग सवार थे । पुलिस ने जब दोनों वाहन की तलाशी ली तो कार के पीछे की सीट व डिग्गी से 76 पैकेट गांजा बरामद हुआ, प्रत्येक पैकेट का वजन 2 किलो था। इस तरह दोनों वाहनों से 152 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार ओम सांई सोसायटी सेक्टर वन उसरली खुर्द पनवेल जिला रायगढ़ महाराष्ट निवासी गणेश बालू पवार (38) सिकरापुर जिला पुणे महाराष्ट्र लक्ष्मण भीमराव चौहान (34) नालासुपारा जिला पालघर मुम्बई महाराष्ट्र निवासी गणेशराजा राम सालुखे (33) और सिकरापुर जिला पुणे महाराष्ट्र निवासी राहुल रोहिदास (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस गांजा के अलावा 50 हजार रुपए नगदी, 4 नग मोबाइल व गांजा तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट 20(इ) के तहत कार्रवाई कर रही है।
22 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार
महासमुंद। सूटकेस व बैग में गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे दो लोगों को सिंघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 22 किलो गांजा जब्त किया गया है। पुलिस को 4 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक बैग व एक सूटकेस में गांजा रखकर एनएच-53 रोड ग्राम मुरमुरी चौक में बस का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ा। उनके पास रखे एक पीले कलर के बैग एवं एक सूटकेस की तलाशी ली गई। जिसमें 22 किलो गांजा पाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम वार्ड नंबर 22 इटारसी जिला नर्मदापुरम मध्यप्रदेश निवासी अंशुल अमरोही (20) और नितीन बेसकर (24) बताया। पुलिस ने इनके पास के बैग में 05 पैकेट 9.320 किलो व सूटकेस से 06 पैकेट 12.680 किलो कुल 22 किलो नमीयुक्त गांजा (कीमत 3.30 लाख रुपए) सहित अन्य सामान बरामद किया। आरोपियों ने उक्त गांजा को संबलपुर ओडिशा से इटारसी मध्यप्रदेश खपाने ले जाना बताया। मामले में सिंघोड़ा थाने में धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।