कांग्रेस की बैठक में शामिल हुईं जिलाध्यक्ष रश्मि
महासमुंद। एआईसीसी द्वारा दिल्ली में आयोजित कांग्रेस जिला अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर भी शामिल हुईं। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री व महासचिव भूपेश बघेल, महासचिव मुकुल वासनिक व सहप्रभारीगणों, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की बैठक ली व संगठनात्मक मजबूती के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने बताया कि हमारे नेतृत्व ने एक बात पर बहुत जोर दिया कि जिला कांग्रेस कमेटी की शक्तियां और जिम्मेदारियां बढ़ने जा रही हैं। वहीं अब उनका कामकाज आंका भी जाएगा। उन्होंने कहा कि देश व संविधान की रक्षा के लिए जिला कांग्रेस को और मजबूती प्रदान करने के लिए रणनीति कांग्रेस जिला अध्यक्षों को दी गई। देश हित में संविधान की रक्षा के लिए सभी कांग्रेसियों को एकजुट होकर मुंहतोड़ जबाब देना होगा। आगे डॉ. रश्मि ने बताया कि अब जिला अध्यक्ष के काम सिर्फ जमीनी पकड़ बनाने का हीं नहीं होगा, ये लोग पार्टी के लिए कई तरह की जानकारियां और डाटा भी जुटाएंगे। बैठक में जिला अध्यक्षों से चर्चा के दौरान बताया कि जिला में संगठन को चलाने में क्या-क्या दिक्कतें आ रही है इस बात को जिला अध्यक्षों ने राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया। हर जिले में संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए विस्तृत चर्चा हुई। आगे डॉ रश्मि ने कहा कि इस बैठक से कांग्रेस की योजना जहां जमीनी स्तर पर पकड़ बनाना है, वहीं इसे जिले के नेतृत्व के एक कारगर हथियार के तौर पर देखा जा रहा है।
