भाजपा के तानाशाही का जवाब निकाय चुनाव में देगी जनता : विनोद चंद्राकर
पूरे प्रदेश में विपक्षी प्रत्याशियों पर बनाया जा रहा दबाव
महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि निकाय चुनाव में पूरे प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहराने वाला है। प्रदेश में भाजपा की तानाशाही, किसानों, महिलाओं, युवाओं से की गई वादाखिलाफी का जवाब प्रदेश की जनता नगरीय निकाय चुनाव तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को देने कमर कस चुकी है। आज जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश में तानाशाही रवैया अपनाया है, उसे पूरा प्रदेश देख रहा है। किस तरह से विपक्षी दलों के प्रत्याशियों को धनबल, बाहुबल, प्रशासनिक बल का प्रयोग कर डरा धमकाकर उन्हें चुनाव छोड़ने विवश किया जा रहा है। खुद को संस्कारित व सिद्धांतवादी कहने वाली भारतीय जनता पार्टी आज लोकतंत्र की गला घोट रही है।
श्री चंद्राकर ने आरोप लगाया कि महासमुुंद जिले के बसना नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी, सरायपाली के पार्षद प्रत्याशियों तथा धमतरी के महापौर प्रत्याशी, मुंगेली जिले के पथरिया के सरपंच प्रत्याशी को डरा धमकाकर नाम वापस लेने तथा उनका नामांकन रद्द करवाए जाने का कृत्य भाजपा द्वारा किया गया। यही नहीं पूरे प्रदेश के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों तथा नगरीय निकायों में यही चल रहा है। पूरे प्रदेश में फैली जनाक्रोश से भाजपा इस कदर भयभीत हो गई है, कि वह जान गई है आगामी चुनावों में उन्हें जनता का आक्रोश का सामना करना पड़ेगा इसलिए, सत्ता का धौंस दिखाकर डरा धमकाकर चुनाव में अपने प्रत्याशियों को निर्विरोध चुनाव जीता रही है।
