बर्ड फ्लू को लेकर उठाए जा रहे सभी एहतियाती कदम-कलेक्टर
रायगढ़, 1 फरवरी 2025। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला आने के बाद जिला प्रशासन द्वारा उठाए गए एहतियाती कदम के बारे में प्रेस वार्ता लेकर जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव भी इस दौरान उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि होने के बाद तत्काल प्रोटोकॉल के अनुसार कदम उठाए गए। पशुपालन और नगर निगम द्वारा पोल्ट्री फार्म में 4356 मुर्गियां, 10 हजार 769 चूजे, 26 हजार 300 अंडे और 712 क्विंटल मुर्गीदाना नष्ट किया गया। परिसर में डिसइन्फेक्शन की प्रक्रिया की गई। जो अभी लगातार की जाती रहेगी। पोल्ट्री फार्म के सामने की सड़क को बैरिकेडिंग कर आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। 01 किमी को ‘इंफेक्टेड जोन’ और 10 कि.मी. के दायरे को सर्विलांस जोन’ बनाया गया है। इसके साथ ही रैपिड रिस्पांस टीम का गठन के लिए निर्देशित किया गया है। कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य अमले को अलर्ट पर रखा गया है। मामले पर पूरी नजर रखी जा रही है। बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों में संक्रामक और घातक है। इंसानों में संक्रमण की संभावना बेहद कम होती है। किंतु लोगों से एहतियात बरतने की अपील की जाती है। इस मौके पर अपर कलेक्टर रवि राही, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम प्रवीण तिवारी, उप संचालक पशुपालन धर्मदास झरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
