बसना नगर पंचायत में भाजपा को बड़ी जीत: खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष बनी

कांग्रेस-आप समेत तीन प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बसा नगर पंचायत की अध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा की प्रत्याशी डॉ. खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। यह जीत तब मिली जब शुक्रवार को नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस की श्रीमती तुलसी गौतम बंजारा, आम आदमी पार्टी की आ़मरिन गिगानी और निर्दलीय प्रत्याशी भाग भाई टंडन ने अपना नामांकन वापस ले लिया।
इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। विजय उत्सव में सांसद रूप कुमारी चौधरी और विधायक संपत अग्रवाल ने डॉ. खुशबू अग्रवाल के साथ खुली जीप में नगर भ्रमण किया। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह फूल माला से स्वागत किया और आतिशबाजी की।
उल्लेखनीय है कि डॉ. खुशबू अग्रवाल भाजपा के वरिष्ठ नेता एन.के. अग्रवाल की बहु है, जो लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे हैं। इस निर्विरोध जीत से पार्टी को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिली है, जबकि विपक्षी दलों को बड़ा झटका लगा है।