अब ग्राम रेंगानार भी है हर घर जल प्रमाणित ग्राम, नलों से मिल रहा साफ पानी
दंतेवाड़ा, 3 जनवरी 2025। ’’जल जीवन मिशन’’ भारत सरकार की अति महत्वपूर्ण योजना है। जिसका लक्ष्य सभी घरों तक कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इसमें जल संरक्षण, जल स्रोत स्थायित्व तथा वर्षा जल भण्डारण पर मुख्य रूप से ध्यान देते हुए ग्राम पंचायतों द्वारा विकेंद्रीकृत किंतु एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन के माध्यम से समुचित स्तर पर जल प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाता है। इसी उद्देश्य पूर्ति हेतु प्रशासन द्वारा ’’जल जीवन मिशन’’ योजना को गांव के प्रत्येक घर आंगन तक पहुंचाने हेतु सम्पूर्ण निष्ठा से कार्यशील है। इस क्रम में कुआंकोण्डा का ग्राम पंचायत रेंगानार में भी जल जीवन मिशन का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया। पहाड़ी और बेहद घने जंगलों में बसा यह गांव भी वर्षो से शुद्ध पेयजल की समस्या से जुझ रहा था। जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर इस ग्राम में 4 बसाहटें डोेगरीपारा, स्कूलपारा, पटेलपारा, नदीपारा ही थी। ग्राम की मुख्य समस्या पेयजल की प्राप्ति ही थी। इस ग्राम के लोग पीने के पानी के लिए मुख्य रूप से नदी, नालों, झरिया, हैंडपंप आदि पर निर्भर रहते थे। पारंपरिक तौर पर पीने के पानी को कपड़े की छन्नी से छान कर मटकी गुंडी आदि में संग्रहित कर आवश्यकतानुसार खाना बनाने और पीने के लिए उपयोग करते थे। अतः जिला प्रशासन द्वारा पेयजल की समस्या के निदान हेतु ग्राम रेंगानार को जल जीवन मिशन के तहत चिन्हित किया गया। ग्राम पंचायत रेंगानार में जल जीवन मिशन योजना को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण कार्य था, क्योंकि ग्राम की भौगोलिक परिस्थितियां पाइप लाइन विस्तार के लिए अनुकूल नहीं थी। क्योंकि ग्राम बसाहट व घर काफी दूर-दूर और नदी नालों और पहाड़ों पर अवस्थित थे। लेकिन प्रशासन की सक्रियता से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम रेंगानार में कुल 77.98 लाख की लागत से, 4800 मीटर पाईप लाईन का विस्तार कर सभी घरों में क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन लगाया गया, जिसमें कुल 030 सोलर 09 मीटर स्टेजिंग के माध्यम से ग्राम के सभी घरों और शासकीय भवनों में जल जीवन मिशन योजना को पहुंचाया गया जिससे निरंतर स्वच्छ पीने का पानी प्राप्त हो रहा है।
