मच्छरों के प्रकोप से निपटने नगर पालिका का सघन अभियान

सभी वार्डों में फॉगिंग और लार्वा नाशक दवाई का छिड़काव, बाजार और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
महासमुंद। नगर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और मच्छर जनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए नगर पालिका परिषद महासमुंद ने रोकथाम के लिए सघन अभियान शुरू किया है। नगर के सभी वार्डों में मच्छर रोधी और लार्वा नाशक दवाइयों का छिड़काव कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर स्वच्छता विभाग की टीम सुबह-शाम विभिन्न वार्डों में पहुंचकर फॉगिंग और दवाई छिड़काव का कार्य कर रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वच्छता प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी वार्ड को नहीं छोड़ा जाए। प्रत्येक गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थल पर फॉगिंग मशीन से दवाई का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद से नगर पालिका की टीम लगातार वार्डों में सक्रिय है और चरणबद्ध तरीके से अभियान संचालित कर रही है।
इसी क्रम में शनिवार को वार्ड क्रमांक 10 में शेख अब्दुल के घर के पास वाली गली, सब्जी बाजार, बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्रों में स्पेयर मशीन से मच्छर रोधी दवाई का छिड़काव किया गया। बाजार और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां गंदगी और पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका अधिक रहती है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि बदलते मौसम में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में समय रहते रोकथाम के उपाय करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही नालियों, खाली प्लॉटों और जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के लार्वा पनपने की आशंका को देखते हुए लार्वा नाशक दवाई का भी छिड़काव किया जा रहा है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले और पुराने टायरों में पानी न ठहरने दें तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। उन्होंने कहा कि मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। नगर पालिका का उद्देश्य शहर को मच्छर मुक्त और स्वस्थ बनाना है, जिसके लिए सभी वार्डों में अभियान लगातार जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.