बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सक्ती जिले की ग्राम पंचायतों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की दी गई जानकारी, सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का दिलाया गया संकल्प
सक्ती, 28 नवम्बर 2026/भारत सरकार द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिला सक्ती में बाल विवाह की रोकथाम, सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी हेतु प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती वासु जैन के संरक्षण में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुधाकर बोदले के मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुश्री दीप्ति चटर्जी के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने सक्ती जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया। संयुक्त टीम ने ग्रामीणों को कम उम्र में विवाह होने से पड़ने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम के सदस्यों ने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। साथ ही पारिवारिक एवं सामाजिक स्तर पर भी अनेक कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक करते हुए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। इनमें पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, किशोर-किशोरियों तथा स्कूल-कॉलेज के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी उपस्थित ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं बाल विवाह करेंगे और न ही अपने आसपास किसी भी रूप में बाल विवाह होने देंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सभाओं और संवाद के माध्यम से जागरूकता फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक गांव में जनभागीदारी के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध एक मजबूत, संवेदनशील और जागरूक सामाजिक वातावरण तैयार करना है। प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही जिले की पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है। इससे बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने की दिशा में सार्थक पहल सुनिश्चित होगी।
जनभागीदारी से बनेगा बाल विवाह मुक्त गांव
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। टीम ने स्पष्ट किया कि विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना या इसमें सहयोग करना कानूनन अपराध है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले, तो वे इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें, ताकि समय रहते हस्तक्षेप कर बाल विवाह को रोका जा सके। अभियान के तहत विभिन्न गांवों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामुदायिक स्थलों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न गांवों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान से संबंधित जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए तथा पाम्पलेट वितरित कर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने गांव एवं समाज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आएं तथा किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह का समर्थन न करें।
इस अभियान में विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के लोगों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह बाल विवाह की रोकथाम में अपनी भूमिका निभाए और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहे।
सजग प्रहरी सम्मान से किया गया सम्मानित
बाल विवाह मुक्त अभियान के अंतर्गत सामाजिक कार्यकर्ता (एक्सेस टू जस्टिस) झाड़े राम यादव उर्फ जयंत यादव को माननीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के हाथों रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सजग प्रहरी के सम्मान से सम्मानित किया गया।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.