शादी से इनकार और कथित प्रताड़ना से परेशान योग प्रशिक्षिका ने कीटनाशक पीकर दी जान
योगा और जुंबा प्रशिक्षिका वैशाली सिंह ठाकुर की आत्महत्या के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज, शादी से इनकार और बार-बार विश्वासघात करने का आरोप
महासमुंद। योगा और जुंबा डांस प्रशिक्षिका वैशाली सिंह ठाकुर की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा शादी से इनकार करने और कथित तौर पर बार-बार विश्वासघात कर प्रताड़ित किए जाने से परेशान होकर वैशाली ने कीटनाशक का सेवन कर अपनी जान दे दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक हितेश यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वैशाली सिंह ठाकुर (29) आश्रम कॉम्प्लेक्स में योगा क्लास संचालित करती थी। 31 अक्टूबर को रोजाना की तरह क्लास समाप्त होने के बाद उसने सभी लोगों को घर जाने के लिए कहा। इस दौरान उसने खुद कुछ देर बाद घर जाने की बात कही और वहीं रुक गई। इसके बाद अगले दिन 1 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे उसके दोस्त हितेश यादव ने परिजनों को फोन कर बताया कि आश्रम कॉम्प्लेक्स स्थित उस कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है, जहां वैशाली योगा सिखाती थी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़कर परिजन अंदर दाखिल हुए। वहां वैशाली मृत अवस्था में मिली। कमरे में उसके पास ही कीटनाशक दवा का डिब्बा भी पड़ा हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई।
जांच में सामने आया प्रताड़ना का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि वैशाली और हितेश यादव के बीच संबंध थे। आरोप है कि हितेश द्वारा शादी से इनकार करने और बार-बार विश्वासघात किए जाने से वैशाली मानसिक रूप से परेशान थी। इसी परेशानी के चलते उसने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली।मामले में पुलिस ने आरोपी हितेश यादव के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
