खेती के सीजन में 20 दिन मनरेगा के काम बंद करना मजदूर विरोधी फैसला : आलोक चंद्राकर

150 दिन रोजगार की गारंटी के बावजूद गांवों में काम नहीं, मजदूरों का हो रहा पलायन; कांग्रेस नेता ने सरकार से आदेश वापस लेने और मजदूरी का समय पर भुगतान करने की मांग की
महासमुंद। कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महासचिव एवं छत्तीसगढ़ शासन के जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत खेती के व्यस्त सीजन में ग्रामीण रोजगार के काम 20 दिनों तक बंद रखने के सरकार के फैसले को मजदूर विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सरकार की कमजोरी और ग्रामीण रोजगार के प्रति उसकी उदासीनता का प्रमाण है। सरकार एक ओर 150 दिन रोजगार की गारंटी दे रही है, वहीं दूसरी ओर खेती के मौसम में ही मजदूरों के लिए काम बंद किया जा रहा है।
आलोक चंद्राकर ने कहा कि सरकार ने राज्य को तीन कृषि जलवायु क्षेत्रों में बांटकर अलग-अलग अवधि में ग्रामीण रोजगार के काम बंद रखने का निर्णय लिया है। पहले क्षेत्र के रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा सहित 20 जिलों में 10 से 30 नवंबर तक काम बंद रखने का प्रावधान है। दूसरे क्षेत्र के बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा और सुकमा सहित कांकेर जिले के छह विकासखंडों में 5 से 25 नवंबर तक तथा तीसरे क्षेत्र के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर और रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड में 10 से 30 नवंबर तक काम बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में न तो कोई नया काम शुरू किया जा सकेगा और न ही पहले से स्वीकृत कार्यों का निष्पादन होगा। यहां तक कि पहले से चल रहे काम भी रोक दिए जाएंगे। सरकार का तर्क है कि खेती के सीजन में मजदूरों की कमी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। गांवों में मजदूरों को पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है।
महासमुंद से मजदूरों का पलायन सरकार के दावों की पोल
आलोक चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद जिले से बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। जिला प्रशासन की कार्रवाई में कई बार मजदूरों को उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में जाने से रोका गया है। यदि गांवों में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध होता, तो मजदूरों को अपने परिवार से दूर दूसरे प्रदेशों में जाने की जरूरत क्यों पड़ती?
उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत 150 दिन रोजगार की गारंटी का दावा किया जा रहा है, लेकिन गांवों में काम समय पर शुरू नहीं होने और रोजगार के अभाव में छोटे किसान तथा खेतिहर मजदूर परेशान हैं। काम नहीं मिलने के कारण मजदूर भट्ठा संचालकों और दलालों के चंगुल में फंसकर पलायन करने को मजबूर होते हैं।
मशीनीकरण के कारण खेती में सीमित हुआ मजदूरों का काम
आलोक चंद्राकर ने कहा कि वर्तमान में खेती का काम तेजी से आधुनिक और मशीनीकृत हो गया है। बुवाई और रोपाई के समय ही बड़ी संख्या में मजदूरों की जरूरत पड़ती है। इसके बाद कटाई सहित कई कार्य हार्वेस्टर और अन्य मशीनों से किए जाते हैं। बुवाई, रोपाई और निंदाई के बाद खेतों में मजदूरों की आवश्यकता काफी कम रह जाती है। ऐसे में ग्रामीण मजदूरों के लिए रोजगार के अवसर सीमित हो जाते हैं और वे दूसरे राज्यों की ओर रुख करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि गांवों में पूरे 150 दिन रोजगार उपलब्ध कराया जाए, तो मजदूरों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। सरकार को खेती के मौसम में रोजगार बंद करने के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त काम उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए।
आदेश वापस लेने और 150 दिन काम शुरू करने की मांग
आलोक चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल योजनाएं बनाकर वाहवाही लूट रही है, जबकि उनके क्रियान्वयन में लापरवाही और उदासीनता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों, औद्योगिक घरानों और अपने नेताओं के रिश्तेदारों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उसे गांव, गरीब और किसान की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने सरकार से 20 दिन तक ग्रामीण रोजगार के काम बंद रखने का आदेश तत्काल वापस लेने, गांवों में 150 दिन के रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मजदूरों को उनकी पूरी मजदूरी का समय पर भुगतान करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.