महासमुंद में पनीर की गुणवत्ता की हो सघन जांच : अमन वर्मा
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने खाद्य सुरक्षा विभाग से सभी दुकानों और डेयरियों से सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने की मांग की, मिलावट मिलने पर हो कठोर कार्रवाई
महासमुंद। प्रदेशभर में एनालॉग पनीर की बिक्री को लेकर सामने आ रही चिंताओं के बीच महासमुंद जिले में भी पनीर की गुणवत्ता की सघन जांच की मांग उठने लगी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष अमन वर्मा ने जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग से जिले में पनीर बेचने वाले सभी दुकानों, डेयरियों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नमूने प्रयोगशाला भेजने की मांग की है।
अमन वर्मा ने कहा कि जिले में आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पनीर जैसे दैनिक उपयोग के खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता से समझौता किए जाने की आशंका को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि जिले में पनीर का विक्रय करने वाले सभी दुकानदारों, डेयरी संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्रित किए जाएं। इन नमूनों को मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजकर उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
वर्मा ने कहा कि जांच के दौरान मिलावट, घटिया गुणवत्ता अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती खपत को देखते हुए उनकी गुणवत्ता की नियमित निगरानी आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की मिलावट से नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर पूरे महासमुंद जिले में पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है और आम जनता को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
