सुरक्षित बचपन अभियान : बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा पर शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

पॉक्सो कानून, बाल विवाह, बाल श्रम और साइबर अपराधों से बचाव के बताए कानूनी प्रावधान
महासमुंद। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और बाल अपराधों से बचाव के उद्देश्य से जिला न्यायालय महासमुंद के सभाकक्ष में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। नालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों को बच्चों से संबंधित कानूनों, उनके अधिकारों और संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में न्यायाधीशों एवं विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ वक्ताओं ने पॉक्सो कानून, बाल विवाह, बाल श्रम, बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा साइबर अपराधों से बचाव के कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों के अधिकारों का संरक्षण और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे बच्चों के संपर्क में लगातार रहते हैं और उनकी समस्याओं को समझ सकते हैं।
बच्चों से संवाद कर बढ़ाई जा रही जागरूकता
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की सचिव आफरीन बानो ने बताया कि सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के स्कूलों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और बाल अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी कड़ी में शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई, ताकि वे बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक कर सकें। शिक्षकों को बच्चों के साथ होने वाले अपराधों की पहचान, उनके संरक्षण और कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
न्यायाधीशों और विशेषज्ञों ने दी कानूनी जानकारी
कार्यशाला में प्रमुख वक्ता के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया, कुटुम्ब न्यायालय के न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी, प्रथम जिला न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी तथा अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मोनिका जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी देते हुए उनके अधिकारों एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों को समझाया।
पुलिस विभाग की ओर से साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। वहीं बाल कल्याण समिति महासमुंद के अध्यक्ष संदीप दीवान ने समिति के कार्यों एवं बाल कल्याण से संबंधित जिम्मेदारियों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी देकर उन्हें जागरूकता अभियान का प्रभावी माध्यम बनाना रहा, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.