शादी के बाद पत्नी का दर्जा नहीं मिलने से आहत महिला ने की आत्महत्या, प्रेमी पर अपराध दर्ज

प्रेम संबंध के दौरान 8-9 बार गर्भपात कराने का आरोप, परिजनों के बयान और जांच के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने दर्ज किया मामला
महासमुंद। लंबे समय तक प्रेम संबंध में रहने और मंदिर में शादी करने के बावजूद पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से मानसिक रूप से परेशान एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने जांच के बाद गांव के ही युवक मनोज यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरबोड़ की है।
पुलिस के अनुसार, मृतका और मनोज यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों ने घर से बाहर जाकर मंदिर में शादी भी की थी। इसके बावजूद मनोज यादव ने महिला को पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं किया। आरोप है कि इस दौरान महिला 8-9 बार गर्भवती हुई, लेकिन मनोज यादव उसे दवाइयां खिलाकर गर्भपात कराता रहा।
परिजनों के मुताबिक, लगातार गर्भपात के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई थी और उसकी बच्चेदानी भी खराब हो गई थी। लंबे समय तक संबंध में रहने और शादी करने के बाद भी पत्नी का दर्जा नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
इसी मानसिक परेशानी के चलते महिला ने 26 मार्च 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए गए और सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी मनोज यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.