गुना से महासमुंद पहुंचा गांजा तस्करी का नेटवर्क, पांच आरोपी गिरफ्तार
बसना के गौरी लॉज में दबिश, चार मोबाइल और बाइक जब्त
महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बसना पुलिस ने गांजा तस्करी से जुड़े पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार 19 नवंबर की शाम 7:45 बजे बसना स्थित गौरी लॉज में कार्रवाई की गई। मामले में मुख्य आरोपी हेमराज मीणा (45) निवासी फकलपुर, थाना राघोगढ़, जिला गुना (मध्यप्रदेश) सहित चार अन्य आरोपियों को गिरफतार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक स्थान पर एकत्रित होकर गांजा की तस्करी एवं खरीद-बिक्री की योजना बना रहे थे। कार्रवाई में चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है, तथा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-06 जीबी -9277, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है, जब्त की गई। पुलिस ने नारकोटिक एक्ट की धारा 29(1), 30 तथा बीएनएस की धारा 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
