बाइक को मारी टक्कर, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान तोड़ा दम
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक 18 नवंबर को शाम 4:15 बजे ग्राम नवरंगपुर स्थित सिंघल पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा हुआ। प्रार्थी पिंटू साहू (43) निवासी सागर स्टेट सरायपाली की रिपोर्ट के अनुसार वाहन क्रमांक सीजी -04 क्यूपी -1854 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मृतक कैलाश साहू की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी -04 सीएफ -0292 को टक्कर मार दी। हादसे में कैलाश साहू को गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
