निर्वाचन साक्षरता क्लबों में आयोजित होंगी निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं

धमतरी, 19 नवंबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से निर्वाचन साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के माध्यम से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में संस्था स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं। अब प्रतियोगिताओं का आयोजन विधानसभा क्षेत्रवार एवं जिला स्तर पर किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं स्वीप के नोडल अधिकारी द्वारा जारी संशोधित सूचना के अनुसार विधानसभा क्षेत्र सिहावा-56, कुरूद-57 एवं धमतरी-58 की प्रतियोगिताएं 25 नवंबर को सुबह 11 बजे आयोजित होंगी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नगरी, कुरूद विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद और धमतरी विधनसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होगी। इसमें सभी संस्थागत प्रतियोगिता के शीर्ष 02 छात्र-छात्राएं भाग लेंगी।
इसी तरह जिला स्तरीय प्रतियोगिता 26 नवंबर को प्रातः 11 बजे नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से शीर्ष 10 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत निबंध लेखन के लिए विद्यार्थियों को ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ तथा ‘मतदान का महत्व’ विषय दिए गए हैं। विद्यार्थी इनमें से किसी एक विषय पर हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में निबंध प्रस्तुत कर सकेंगे। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट), मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। संस्था स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने, प्रतियोगिताओं के छायाचित्र एवं प्रतिभागियों की जानकारी सुरक्षित रखने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का आगामी स्तर के लिए चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता आयोजन का पालन प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 23 नवंबर तक संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया की समझ और निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के महत्व के प्रति रुचि विकसित करना है, ताकि युवा पीढ़ी जिम्मेदार मतदाता के रूप में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.