जिला जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, चार बंदी बाउंड्री फांदकर फरार
तड़के 4 बजे हुई सनसनीखेज घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप
महासमुंद। महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चार बंदी ऊंची बाउंड्री फांदकर फरार हो गए। सोमवार तड़के करीब 4 बजे हुई इस सनसनीखेज घटना से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के बीच चार बंदियों का एक साथ फरार हो जाना सुरक्षा में बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है।
फरार बंदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेन्द्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले का आरोपी है। चारों बंदी तड़के करीब 4 बजे जेल की ऊंची बाउंड्री को फांदकर फरार होने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एडिशनल एसपी सुशील नायक ने चार बंदियों के फरार होने की पुष्टि की है। पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और फरार बंदियों का सुराग लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि शुरुआती सर्चिंग में पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया।
जिलेभर में नाकेबंदी, ओडिशा बॉर्डर पर विशेष निगरानी
चारों फरार बंदियों की तलाश में पुलिस ने जिले के सभी प्रमुख मार्गों और संभावित निकास रास्तों पर नाकेबंदी कर दी है। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर पुलिस ने सर्चिंग तेज कर दी है, ताकि फरार बंदी जिले से बाहर न निकल सकें।
जिला जेल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह से एक साथ चार बंदियों का ऊंची बाउंड्री फांदकर फरार हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर तड़के चार बजे बंदियों को जेल की दीवार तक पहुंचने और उसे पार करने का मौका कैसे मिला? सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी थी? क्या जेल की सुरक्षा में कहीं लापरवाही बरती गई? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता चारों फरार बंदियों को जल्द से जल्द पकड़ना है। घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
