कार की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे 31 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार
कालाहांडी से रायपुर तक होनी थी सप्लाई, पुलिस ने टेमरी नाका पर घेराबंदी कर पकड़ा; कार और मोबाइल समेत 21.79 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक गांजे की तस्करी का एक और मामला सामने आया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे की खेप कार की डिक्की में दो बोरियों के भीतर छिपा रखी थी, लेकिन पुलिस की सटीक मुखबिर सूचना और टेमरी नाका पर की गई घेराबंदी ने उनकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया। कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में 31 किलो 370 ग्राम गांजे के साथ ओडिशा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 15 लाख 68 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार और दो मोबाइल सहित कुल 21 लाख 79 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रे रंग की एक कार में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर ओडिशा के खरियार रोड से महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने टेमरी नाका पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की।
आरोपियों की पहचान जितेन्द्र दास (34), पिता भगवान दास और समारू साहू (39), पिता झाडूराम, निवासी केसिंगा थाना क्षेत्र, जिला कालाहांडी (ओडिशा) के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखी दो बोरियों से 31.370 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजे की खेप ओडिशा के केसिंगा, जिला कालाहांडी से लेकर रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 15,68,500 रुपए कीमत का गांजा, 10,500 रुपए के दो मोबाइल और गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 6 लाख रुपए कीमत की मारुति कार जब्त की। इस तरह कुल 21,79,000 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत धारा 20(बी)(II)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
