रकबा शून्य कर सैकड़ों किसानों को धान खरीदी से बाहर करना सरकार की सोची-समझी साजिश : विनोद चंद्राकर

महासमुंद। धान खरीदी शुरू होते ही किसानों के सामने रकबा शून्य होने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। वर्षों से सहकारी समितियों में धान बेचते आ रहे सैकड़ों किसान इस बार अपनी उपज बेचने से वंचित होने की आशंका से परेशान हैं। गलत सर्वे और एग्रीस्टैक पोर्टल की तकनीकी खामियों के चलते किसानों का पंजीकृत रकबा शून्य दर्शाए जाने के मामले को लेकर पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तकनीकी गड़बड़ियों की आड़ में किसानों को धान खरीदी से बाहर करने का काम कर रही है।
किसानों की शिकायत पर विनोद चंद्राकर ने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों का दौरा कर पंजीयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। झालखम्हरिया, खट्टी और कोसरंगी समितियों के निरीक्षण में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। झालखम्हरिया समिति में 83, खट्टी में 73 और कोसरंगी समिति में 67 किसानों का रकबा शून्य दर्ज मिला। यानी इन तीन समितियों के ही 223 किसान इस समस्या से प्रभावित हैं। इनमें अधिकांश ऐसे किसान हैं, जो वर्षों से इन्हीं समितियों में अपनी उपज बेचते आ रहे हैं।
चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी शुरू हो चुकी है और किसान फसल काटकर उपज बेचने की तैयारी में हैं, लेकिन समिति पहुंचने पर उन्हें पता चल रहा है कि पोर्टल में उनका रकबा ही शून्य है। पटवारियों की हड़ताल और डिजिटल क्रॉप सर्वे की खामियों ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सरकार की लापरवाही का खामियाजा अब उन किसानों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्होंने पूरी मेहनत से फसल तैयार की है। किसान खेत में फसल उगाए और सरकार पोर्टल में उसका रकबा ही मिटा दे, यह किसानों के साथ अन्याय की पराकाष्ठा है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और अंतर की राशि देने का प्रचार कर वाहवाही लूट रही है, वहीं दूसरी ओर लाखों किसानों को खरीदी की प्रक्रिया से ही बाहर करने की स्थिति पैदा कर दी गई है। यह महज तकनीकी गलती नहीं, बल्कि किसानों के हितों की अनदेखी का गंभीर मामला है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जब किसान ने फसल बोई है, खेत में मेहनत की है और वर्षों से उसी समिति में धान बेचता आया है, तो अचानक उसका रकबा शून्य कैसे हो गया?
बोनस की गणना पर भी सरकार को घेरा
चंद्राकर ने धान के समर्थन मूल्य और कृषक आदान सहायता की गणना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल के घोषित मूल्य में से एमएसपी घटाने पर सरकार की ओर से केवल 659 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि बनती है। जबकि वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्विंटल था। उस समय 3100 रुपये के हिसाब से किसानों को 917 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर मिलना चाहिए था। इस आधार पर 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से 19,257 रुपये की सहायता बनती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बीते तीन वर्षों में समर्थन मूल्य में हुई वृद्धि को आधार बनाकर अंतर की राशि लगातार कम कर दी है। अब वर्ष 2026-27 में यह राशि घटकर 13,839 रुपये रह गई है। इस तरह किसानों को मिलने वाली सहायता में 5,418 रुपये प्रति एकड़ की कमी आई है। सरकार एक तरफ किसान हितैषी होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सहायता राशि में कटौती कर किसानों की आर्थिक हिस्सेदारी कम कर रही है।
चंद्राकर ने कहा कि तीन वर्षों के बोनस और भुगतान में देरी को देखते हुए किसानों को 12 प्रतिशत ब्याज के रूप में लगभग 410 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त मिलना चाहिए। उनके मुताबिक समर्थन मूल्य, बोनस और ब्याज को मिलाकर किसानों को लगभग 3,820 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ मिलना चाहिए था। उन्होंने मांग की कि बोनस प्रति एकड़ के बजाय प्रति क्विंटल दिया जाए तथा वर्तमान समर्थन मूल्य में बोनस जोड़कर किसानों को कुल 3,358 रुपये प्रति क्विंटल का एकमुश्त भुगतान किया जाए। साथ ही कृषक आदान सहायता की राशि 13,839 रुपये के बजाय 19,257 रुपये प्रति एकड़ दी जाए।
समस्या नहीं सुलझी तो किसानों के साथ सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि रकबा शून्य होने की समस्या का तत्काल निराकरण कर सभी प्रभावित किसानों का पंजीयन और रकबा दुरुस्त किया जाए, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने के अधिकार से वंचित न रहे। यदि सरकार ने समय रहते सुधार नहीं किया तो कांग्रेस किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हक और मेहनत की उपज की खरीदी के मुद्दे पर सरकार को जवाब देना होगा।
निरीक्षण के दौरान किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मानिक साहू, दिलीप चंद्राकर, परमेश्वर साहू, जीवन यादव, डीगन साहू, मनोज चंद्राकर, राकेश चंद्राकर सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.