छठ पर्व से पहले महामाया तालाब के घाट की विशेष सफाई, अध्यक्ष ने संभाली कमान

नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्व तक जारी रहेगी निगरानी
महासमुंद। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने शहर के मध्य स्थित महामाया तालाब के छठ घाट की विशेष साफ-सफाई कराई। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान की निगरानी की और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महासमुंद में छठ पूजा के अवसर पर भोजपुरी समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महामाया तालाब के घाट पर सूर्य उपासना और अर्घ्य देने के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने पहले ही तालाब परिसर और घाट की विशेष सफाई के निर्देश दिए थे। शनिवार सुबह से ही पालिका की सफाई टीम ने अभियान चलाकर तालाब परिसर, घाट, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। तालाब में जमा कचरा, घास-फूस और अन्य गंदगी हटाई गई। साथ ही घाट की धुलाई कर उसे पूजा के लिए स्वच्छ बनाया गया।
सफाई कार्य का निरीक्षण करते हुए अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा पर्व है। इस अवसर पर दूर-दराज से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि घाट पर स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं और बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। पर्व संपन्न होने तक नगर पालिका की टीम लगातार घाट और आसपास के क्षेत्र की निगरानी करेगी, ताकि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। सफाई अभियान के दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े