दो महत्वपूर्ण पदों पर एक साथ काबिज विश्वनाथ रैला, कलेक्टर से शिकायत

सहकारी समिति जोबा के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग, उपसरपंच और समिति अध्यक्ष की दोहरी जिम्मेदारी पर उठे सवाल
महासमुंद। ग्राम पंचायत अछोला के उपसरपंच और वृहत्ताकार सहकारी समिति जोबा के अध्यक्ष पद पर एक ही व्यक्ति के कार्यरत रहने को लेकर विवाद गहरा गया है। दोनों महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे विश्वनाथ रैला की पात्रता और दोहरे पद पर बने रहने को लेकर कलेक्टर से लिखित शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता सोमनाथ यादव ने उन्हें सहकारी समिति के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक ही व्यक्ति के पंचायत और सहकारी समिति के दो महत्वपूर्ण पदों पर बने रहने से समिति की प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है। इससे समिति के हितों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है। शिकायतकर्ता ने अध्यक्ष और उपसरपंच की दोहरी जिम्मेदारी के चलते समिति के कामकाज में कथित लापरवाही और कपटपूर्ण कृत्यों की आशंका व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
सोमनाथ यादव ने अपनी शिकायत में छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम की धारा 53 (ख) का हवाला देते हुए विश्वनाथ रैला की अध्यक्ष पद पर पात्रता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कलेक्टर से आग्रह किया है कि उप पंजीयक, सहकारी संस्थाएं महासमुंद को आवश्यक निर्देश जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और उन्हें समिति के अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
अब इस शिकायत के बाद सवाल उठने लगा है कि क्या पंचायत के उपसरपंच और सहकारी समिति के अध्यक्ष जैसे दो महत्वपूर्ण पदों पर एक साथ बने रहने की अनुमति नियमों के तहत है? शिकायत पर कलेक्टर क्या रुख अपनाते हैं और सहकारिता विभाग इस मामले में क्या जांच करता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

इन्हें भी पढ़े