मतदाता सूची की शुद्धता और वोट की सुरक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी : द्वारिकाधीश यादव
कोमाखान में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत जनचौपाल-संवाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान
बागबाहरा। मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के अधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती को लेकर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कोमाखान में जनचौपाल-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव विशेष रूप से शामिल हुए।
जनचौपाल में विधायक यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ मतदाता सूची में नामों की स्थिति, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने से होती है। मतदाता सूची में अपना नाम जांचना, त्रुटियों को दुरुस्त कराना और मतदान के अधिकार के प्रति सजग रहना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
यादव ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य आम लोगों को उनके संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक अभियान का संदेश पहुंचाने तथा लोगों को मतदाता सूची की जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मंडल प्रभारी सीटू सलूजा, अंकित बागबाहरा, तेजन चंद्राकर, हरिशंकर यादव, बसंता ठाकुर, केजू चक्रधारी, संतोष पटेल, रवि निषाद, खेमराज सिन्हा, दुर्गा सागर, मनोहर ठाकुर, लीलाधर चंद्राकर, आशीष दीवान, सुनील टांडे, सविता ठाकुर, तुलाराम ठाकुर, किशोर चतुर्वेदी, अंजोर सिंग, नरेंद्र जैन, प्रदीप यादव, वसीम रजा, तूफान दीवान, ओमकार ठाकुर एवं हीरालाल साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
