धान खरीदी से पहले प्रशासन का शिकंजा, गोदाम से 300 कट्टा अवैध धान जब्त
बागबाहरा के ग्राम बोदरीदादर में राजस्व, मंडी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई; 15 चेकपोस्ट और उड़नदस्तों के जरिए जिलेभर में होगी निगरानी
महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से ठीक एक दिन पहले जिला प्रशासन ने अवैध धान के संग्रहण और परिवहन के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी, बिचौलियों की सक्रियता और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। इसी अभियान के तहत 14 नवंबर को बागबाहरा विकासखंड के ग्राम बोदरीदादर में छापेमार कार्रवाई कर एक गोदाम से 300 कट्टा अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया गया।
राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने भेख लाल चंद्राकर के गोदाम की जांच के दौरान धान का अवैध भंडारण पकड़ा। टीम ने मौके से 300 कट्टा धान जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मंडी विभाग के सुपुर्द कर दिया। धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को अवैध संग्रहण और संभावित बिचौलिया गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।
यह कार्रवाई कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर तथा बागबाहरा एसडीएम के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासन ने धान के अवैध संग्रहण, परिवहन और खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के लिए राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीमों को सक्रिय किया है।
जिलेभर में 15 चेकपोस्ट, 202 केंद्रों पर नोडल अधिकारी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक निगरानी व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत जिले में 15 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां धान के आवागमन पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं।
जिले के सभी 202 धान उपार्जन केंद्रों के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें खरीदी व्यवस्था की निगरानी और अनियमितताओं पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अवैध धान पर रहेगी पैनी नजर
धान खरीदी के दौरान दूसरे क्षेत्रों से धान लाकर खपाने, बिचौलियों के माध्यम से अवैध खरीदी-बिक्री करने और बिना वैध दस्तावेजों के भंडारण एवं परिवहन जैसी गतिविधियों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। खरीदी शुरू होने से पहले 300 कट्टा धान की जब्ती ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों पर प्रशासन सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
